भगवत प्रसाद मकवाना बने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष, कैशब बिहारी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड के भगवत प्रसाद मकवाना को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने उनकी नियुक्ति के साथ ही कैशब बिहारी को आयोग का उपाध्यक्ष बनाया है। दोनों नियुक्तियां मौजूदा आयोग के कार्यकाल यानी 31 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेंगी।

भगवत प्रसाद मकवाना उत्तराखंड सरकार के सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष और अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर मकवाना को सामाजिक कार्यों, विशेष रूप से अनुसूचित जातियों के कल्याण और सशक्तीकरण से जुड़े मामलों का व्यापक अनुभव है।

मकवाना एनएचपीसी के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह हाथ से मैला ढोने वाले कर्मियों के पुनर्वास और इस प्रथा पर रोक से जुड़े कानून के तहत गठित केंद्रीय निगरानी समिति के सदस्य भी रहे हैं।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी मकवाना सक्रिय रहे हैं। उन्होंने भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष समेत पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply