ऋषिकेश: मुनि की रेती में 23 अक्टूबर से शुरू होगा पांच दिवसीय महायोग ध्यान कुंभ, 10 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद
ढालवाला, 22 अक्टूबर 2026। ऋषिकेश क्षेत्र के मुनि की रेती में गंगा तट पर 23 अक्टूबर से पांच दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव महायोग ध्यान कुंभ का आयोजन किया जाएगा। पिरामिड स्पिरिचुअल सोसाइटीज मूवमेंट की पहल पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव का यह नौवां संस्करण है। पीएमसी सोसाइटी और पीएमसी हिंदी के सहयोग से होने वाला यह आयोजन 27 अक्टूबर तक चलेगा।
‘आंतरिक रूपांतरण और विश्व शांति’ की थीम पर आधारित इस महोत्सव में 10,000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन में प्रवेश निशुल्क रहेगा।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
ध्यान, योग और संगीत की होंगी विशेष गतिविधियां
मुख्य आयोजक वसंथा शास्त्री ने गंगा रिसॉर्ट में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि महोत्सव के दौरान ध्यान, लाइव वाद्य संगीत, गंगा आरती और ज्ञान संवाद सहित कई आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय संगीत, कबीर भजन, योग, प्राणायाम, आयुर्वेद और ध्वनि चिकित्सा जैसे विषयों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए विशेष सत्र आयोजित होंगे, ताकि वे ध्यान और योग के माध्यम से मानसिक शांति तथा आत्मिक विकास के महत्व को समझ सकें।
108 घंटे अखंड ध्यान का होगा आयोजन
महायोग ध्यान कुंभ के प्रमुख आकर्षणों में 108 घंटे का अखंड ध्यान शामिल है। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को ध्यान और आंतरिक रूपांतरण की प्रक्रिया से जोड़ना है।
इसके साथ ही अन्नप्रसादम सेवा के तहत पांच दिनों में 1.5 लाख से अधिक सात्विक भोजन परोसने का लक्ष्य रखा गया है। इस सेवा के माध्यम से आयोजन में आने वाले प्रतिभागियों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
27 अक्टूबर को संत सम्मेलन के साथ होगा समापन
महोत्सव का समापन 27 अक्टूबर को होगा। इस दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संत सम्मेलन और समापन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें आध्यात्मिक विचारों और विश्व शांति के संदेश पर विशेष चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रेसवार्ता में ये लोग रहे मौजूद
महोत्सव की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्य आयोजक वसंथा शास्त्री के साथ अमूल्या शास्त्री, मनोज दादलानी, निखिल खुरानिया और भूपिंदर सिंह रावत मौजूद रहे।


