देहरादून में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से नौ वर्षीय बालक की मौत, चालक फरार
देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र के उमेदपुर में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ वर्षीय बालक की जान चली गई। हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बालक को तत्काल सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दक्ष धीमान (9) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह घर के पास बने नए नेशनल हाईवे को पार कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। दक्ष अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे घटना के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के पिता पंकज कुमार से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है। साथ ही, फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

