देहरादून में आज से छठ महापर्व की शुरुआत, 23 से अधिक घाट तैयार; बाजारों में उमड़ी भीड़
देहरादून। सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 23 से अधिक छठ घाटों की साफ-सफाई कर उन्हें पूजा के लिए तैयार किया जा रहा है। वहीं, बाजारों में भी पर्व की रौनक दिखाई देने लगी है और श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू कर दी है।
बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में विशेष महत्व रखने वाला छठ पर्व अब देश के दूसरे राज्यों में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। देहरादून में पूर्वांचल के बड़ी संख्या में रहने वाले लोग इस पर्व को परंपरागत तरीके से मनाते हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत होगी। इसके बाद अगले तीन दिनों तक खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाएगी।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
बाजारों में सजी पूजन सामग्री की दुकानें
छठ महापर्व को लेकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, हनुमान चौक और प्रेमनगर सहित कई क्षेत्रों के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुकानों पर बांस से बने दउरा, सूप और डाला के साथ कच्ची हल्दी, अदरक, जंगली बेर, सिंघाड़ा, चकोतरा, गन्ना, लौकी और नारियल जैसी पूजन सामग्री उपलब्ध है। पर्व के लिए जरूरी सामान खरीदने के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को खरीदारी के लिए अधिक भीड़ रहने की संभावना है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
बिहारी महासभा और पूर्वा सांस्कृतिक मंच की तैयारियां
छठ पर्व के आयोजन में बिहारी महासभा और पूर्वा सांस्कृतिक मंच की महत्वपूर्ण भूमिका है। बिहारी महासभा की ओर से श्री टपकेश्वर, प्रेमनगर, चंद्रबनी और मालदेवता के घाट तैयार किए गए हैं। वहीं, पूर्वा सांस्कृतिक मंच से जुड़े 18 छठ पूजा घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रमुख घाटों में हरबंस कपूर घाट हरभजवाला, टपकेश्वर, चंद्रबनी, रायपुर, केशरवाला, गुल्लरघाटी, सेलाकुई, मालदेवता, पुलिया नंबर छह, प्रेमनगर, पथरीबाग, ब्रह्मपुरी, नत्थनपुरा, भंडारी बाग और सिंघल मंडी सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
पूर्वा सांस्कृतिक मंच ने इस बार सभी 18 घाटों की जिम्मेदारी संबंधित समितियों को सौंपी है। समितियां साफ-सफाई, पूजा स्थल की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियां कर रही हैं। मंच राज्य गठन के समय से ही उत्तराखंड में छठ महापर्व के आयोजन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है।
सोमवार को सार्वजनिक अवकाश की मांग
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग बिहारी महासभा ने सरकार से की है। महासभा इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भी सौंप चुकी है।
महासभा का कहना है कि चार दिनों तक व्रत और पूजा की परंपराओं का पालन करने के बाद श्रद्धालु काफी थक जाते हैं। ऐसे में सोमवार को अवकाश मिलने से अर्घ्य देकर घर लौटने वाले व्रतियों को आराम करने का अवसर मिल सकेगा।
चार दिनों तक इस क्रम में होगी पूजा
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। इस दिन व्रती स्नान और शुद्धता के साथ पूजा की तैयारी करते हैं। इसके बाद 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को खीर का प्रसाद ग्रहण करेंगे।
15 नवंबर को व्रती विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। वहीं, 16 नवंबर को उदीयमान यानी उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
36 घंटे के निर्जला व्रत और सूर्योपासना की परंपरा
आराघर चौक स्थित श्री लक्ष्मीनारायण पंचमुखी सिंदूरिया हनुमान मंदिर के पंडित विष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार, छठी मैया को सूर्यदेव की बहन माना जाता है। मान्यता है कि छठ पूजा करने से परिवार में सुख-शांति और संतान की खुशहाली बनी रहती है।
इस पर्व में व्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं और जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी तथा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सूर्योपासना के माध्यम से छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना की जाती है।
ब्रह्मपुरी छठ पार्क में भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुति
ब्रह्मपुरी स्थित सूर्य मंदिर छठ पार्क में भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पूर्वांचल समाज उत्थान समिति की ओर से पार्क के कुंड और नहर की सफाई कराई जा रही है। सूर्य मंदिर की पेंटिंग और सजावट का काम भी किया जा रहा है।
समिति के संरक्षक सतीश कश्यप के अनुसार, इस बार छठ महोत्सव में भोजपुरी लोक कलाकार हरिकेश यादव और लोकगायिका कंचन काजल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सूर्य मंदिर से शिव मंदिर तक पूरे क्षेत्र को बिजली की लड़ियों से सजाया जाएगा।
ब्रह्मपुरी छठ पार्क को वर्ष 2021 में केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत करीब 80 लाख रुपये की लागत से विकसित किया गया था। यहां कुंड, नहर और सूर्य मंदिर का निर्माण कराया गया। इस बार समिति की ओर से 17वां छठ महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
दो दशक से देहरादून में हो रहा छठ का आयोजन
बिहारी महासभा के महासचिव चंदन कुमार झा के अनुसार, महासभा करीब 20 वर्षों से देहरादून में छठ पूजा का आयोजन कर रही है। शुरुआत में कार्यक्रम श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में होता था। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण टपकेश्वर घाट पर जगह कम पड़ने लगी, जिसके बाद प्रेमनगर, चंद्रबनी और मालदेवता सहित अन्य क्षेत्रों में भी घाट तैयार किए गए।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा के आयोजन में पूर्वांचल के लोगों के साथ उत्तराखंड के निवासी भी सहयोग करते हैं। वहीं, पूर्वा सांस्कृतिक मंच के संस्थापक महासचिव सुभाष झा ने बताया कि मंच ने अपने सभी 18 घाटों की समितियों को साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार, छठ पूजा अब पूर्वांचल तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में भी श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है।


