गोमुख-तपोवन ट्रैक पर फ्रांस का पहला विदेशी दल रवाना, आम पर्यटकों पर अभी रोक

उत्तरकाशी। गोमुख-तपोवन ट्रैक के लिए इस वर्ष फ्रांस के 10 सदस्यीय विदेशी ट्रैकर्स का पहला दल रवाना हुआ है। हालांकि अभी सामान्य पर्यटकों को इस ट्रैक पर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट खुलने के बाद 19 अप्रैल को वन विभाग ने पहले प्रशिक्षित ट्रैकर्स के दल को गोमुख जाने की अनुमति दी थी। इसके तीन दिन बाद अब विदेशी ट्रैकर्स का यह पहला दल भी रवाना हुआ, जो बृहस्पतिवार शाम तक लौटने की संभावना है।

ट्रैकिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि विदेशी दल के आगमन से इस वर्ष ट्रेकिंग सीजन के बेहतर रहने की उम्मीद बढ़ी है। वहीं, प्रशासन के अनुसार पिछले चार दिनों में करीब 100 प्रशिक्षित ट्रैकर्स गोमुख ट्रैक पर जा चुके हैं।

फिलहाल आम पर्यटकों के लिए ठहरने और बुनियादी सुविधाओं की समस्या बनी हुई है। भोजबासा में पानी की आपूर्ति अभी सुचारु नहीं हो पाई है और आश्रम भी पूरी तरह नहीं खुले हैं। कर्मचारियों को नदी से पानी लाकर व्यवस्था करनी पड़ रही है।

प्रशासन की ओर से ट्रैक पर जाने वाले ट्रैकर्स को नियमों की पूरी जानकारी देकर ही अनुमति दी जा रही है, ताकि सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply