: देहरादून में मॉर्निंग वॉक के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लगी गोली, इलाज के दौरान मौत
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर को उस समय गोली लग गई, जब दो युवकों के बीच सड़क पर ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों कार सवार युवकों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला इतना गंभीर हो गया कि एक युवक ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि उसने दूसरी कार के टायर पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली गलती से वहां से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को जा लगी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल ब्रिगेडियर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली थी। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और आरोपियों की तलाश में सघन अभियान चलाया जा रहा है। कई स्थानों पर नाकेबंदी भी की गई है।
इस घटना पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गहरा शोक व्यक्त किया और अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

