घर के दरवाजे पर बैठे दुष्कर्म के आरोपी की गोली मारकर हत्या, पीड़िता के पिता पर आरोप

बरेली। बरेली के फतेगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव मीरापुर में मंगलवार रात करीब 11 बजे दुष्कर्म के आरोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना पुलिस रात एक बजे तक घटना से अनजान बनी रही।

मीरापुर निवासी धर्मपाल ने बताया कि उनके भाई टिंकू के खिलाफ पांच साल पहले एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में वह जमानत पर बाहर आया था। काफी समय से वह बाहर रहकर ठेला-रेहड़ी लगाता था। कुछ दिन पहले ही गांव आया था।

मंगलवार रात 11 बजे टिंकू घर के दरवाजे पर बैठा था। परिवार के अन्य सदस्य छत पर थे। आरोप है कि इसी दौरान दुष्कर्म पीड़िता का पिता वहां पहुंचा। उसने तमंचे से टिंकू के सीने पर गोली मार दी।

फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन छत से नीचे आए तो आरोपी दूसरी गोली मारने के लिए तमंचे में कारतूस डाल रहा था। परिजनों को देखकर वह भाग गया। खून से लथपथ टिंकू जमीन पर पड़ा था। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक और हत्यारोपी अनुसूचित जाति के हैं।

धर्मपाल का कहना है कि उनके भाई को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाया गया था। टिंकू को अस्पताल ले जाने के चक्कर में वह पुलिस को सूचना नहीं दे सके। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में सूचना नहीं है। जानकारी जुटाई जा रही है। जिस पर आरोप लगाया जा रहा है, वह गांव में नहीं रहता है।

Leave a Reply