घर से बुलाकर किशोरी से किया सामुहिक दुष्कर्म, खिलाया जहर, हालत नाजुक

चरखी दादरी (हरियाणा)। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के एक गांव निवासी किशोरी (16) को मंगलवार की रात घर से बुलाकर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी को जहरीला पदार्थ खिलाकर आरोपी फरार हो गए। हालत बिगड़ने पर किशोरी को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है। झोझूकलां थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म संबंधी धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाढड़ा के डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि यह घटना झोझूकलां थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात हुई। डीएसपी ने बताया कि एक आरोपी ने किशोरी को रात में घर से बुलाया और गांव की सीमा से बाहर ले गया। वहां तीन आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद वहीं छोड़कर फरार हो गए।

सूचना मिलने पर किशोरी के परिजन मौके पर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर किशोरी के परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद फिलहाल पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक किशोरी की हालत नाजुक है। बाल कल्याण समिति की ओर से भी रिपोर्ट तैयार करने की सूचना है।

डीएसपी के मुताबिक तीन आरोपियों में से एक पीड़िता के संपर्क में था। उसने ही फोन कर उसे मंगलवार रात घर से गांव के बाहरी क्षेत्र में बुलाया था। वहां उसने और दो अन्य ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।


झोझूकलां थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

– भारत भूषण, डीएसपी, बाढड़ा (चरखी दादरी)

Leave a Reply