मसूरी: पानीवाला बैंड के पास गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव, क्षतिग्रस्त सड़क के पास खड़ी थी कार
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अजय मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।
मौके पर पुलिस को सड़क के किनारे खड़ी कार भी मिली। कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन बरामद हुआ। खाई काफी गहरी होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। टीमों ने काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।
घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि शव को खाई से बाहर निकालने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

