ऋषिकेश के बजरंग सेतु के ग्लास वॉक पर घूमने के लिए लगेगा शुल्क

ऋषिकेश के बजरंग सेतु पर बने आकर्षक ग्लास वॉक (कांच के फुटपाथ) पर अब पर्यटकों को चहलकदमी करने के लिए शुल्क देना होगा। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) द्वारा तैयार की गई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार, वयस्कों से दो घंटे के लिए 100 रुपये और बच्चों से 50 रुपये शुल्क लेने का प्रस्ताव है। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

विभाग का कहना है कि शुल्क का उद्देश्य ग्लास वॉक की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना और इसके संचालन एवं रखरखाव का खर्च पूरा करना है।

पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था भी लागू की जाएगी। दिन और रात की दो पालियों में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी। प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ ग्लास वॉक पर बने सेल्फी प्वाइंट पर भी सुरक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे। रात के समय पुल के दोनों सिरों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था को रोका जा सके।

लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना से प्रति वर्ष लगभग 4 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो भविष्य में उत्तराखंड के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी इसी तरह के ग्लास वॉक पुल विकसित किए जा सकते हैं।

बजरंग सेतु का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और फरवरी से इस पर लोगों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। हालांकि, कुछ अवसरों पर कांच के फुटपाथ के शीशे टूटने की घटनाएं सामने आई हैं, इसलिए अभी तक इसका औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार, सितंबर या अक्टूबर में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के दौरान इस पुल का उद्घाटन कराया जा सकता है।

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता के.एस. नेगी ने बताया कि ग्लास वॉक के संचालन के लिए एसओपी तैयार कर ली गई है और जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे औपचारिक रूप से लागू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply