देहरादून में हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर छापा, 18 गिरफ्तार
Dehradun Police ने देहरादून के एक निजी अपार्टमेंट में चल रहे हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार देर रात शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित महावीर अपार्टमेंट में छापा मारकर यह कार्रवाई की। मौके से तीन लाख रुपये से अधिक की नकदी, ताश की गड्डियां और डाइस बरामद किए गए।
एसएसपी Pramendra Singh Dobal के अनुसार पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में बड़े स्तर पर जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम गठित की गई और पांच तथा छह मई की रात फ्लैट पर दबिश दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई लोगों को ताश और डाइस के माध्यम से जुआ खेलते हुए पकड़ा। मौके से 3,10,600 रुपये नकद, चार गड्डी ताश और 20 डाइस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर राकेश उर्फ तिनका भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फ्लैट रोशन लाल बंसल का है, जो वहां जुआ खिलवाने के साथ स्वयं भी खेल में शामिल रहता था। सभी आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश उर्फ तिनका, रोशन लाल बंसल, सुजल, निक्कू कुमार, सन्नी पासवान, प्रीतम, सुनील, इंतजार, सौरभ जायसवाल, विकास कुमार, अरुण कुमार, मुकेश, वाजिद खान, सूरज पासवान, सुबोध पासवान, दिलबर, हरीश और कादिर शामिल हैं। सभी आरोपी देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

