उत्तराखंड: राज्यसभा प्रत्याशी के लिए भाजपा ने भेजे 15 नाम, जल्द हो सकता है ऐलान
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी में सामने आए 15 दावेदारों के नाम केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दिए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जल्द ही पार्टी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में बताया कि कोर कमेटी के सामने आए सभी 15 नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-दो दिन में केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकता है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है।
छात्र संघ चुनाव पर भी बोले महेंद्र भट्ट
महेंद्र भट्ट ने प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने डीएवी कॉलेज समेत कई संस्थानों में विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं की जीत पर खुशी जताई और इसे युवाओं में राष्ट्रवादी विचारों के समर्थन का संकेत बताया।
कांग्रेस की ओर से छात्र संघ चुनावों को लेकर उठाई गई आपत्तियों पर भट्ट ने कहा कि ये आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग के आरोपों को भी गलत बताया।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे पर भी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम भव्य होगा। उन्होंने बताया कि केदारनाथ और टिहरी के दौरे प्रस्तावित हैं और तारीख तय होने के बाद संगठन तैयारियों को अंतिम रूप देगा।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कुमाऊं दौरों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में नेताओं का दौरा सामान्य राजनीतिक गतिविधि है।

