भल्डगांव के विस्थापन की ड्रोन सर्वे रिपोर्ट टीएचडीसी को मिली, ग्रामीणों का धरना आठवें दिन भी जारी
चिन्यालीसौड़। ग्रामसभा भल्डगांव के विस्थापन और पुनर्वास की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को आठवें दिन भी जारी रहा। इसी बीच टीएचडीसी को भल्डगांव से संबंधित ड्रोन सर्वे की रिपोर्ट आईआईटी रुड़की से प्राप्त हो गई है। टीएचडीसी के डीजीएम पुनर्वास राकेश थपलियाल ने बताया कि रिपोर्ट का अध्ययन किया जा रहा है और इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को तहसीलदार और पटवारी धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने गांव की मौजूदा स्थिति, पूर्व में कराए गए आईआईटी सर्वे, ड्रोन सर्वे और अन्य रिपोर्टों के साथ लंबे समय से की जा रही विस्थापन की मांग को रखा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को मामले में शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया।
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से केवल आश्वासन और प्रस्ताव की बातें सुनते आ रहे हैं। अब उन्हें ठोस कार्रवाई चाहिए। ग्रामीणों ने भल्डगांव को तत्काल सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने और उचित पुनर्वास की मांग की है।
आंदोलनकारियों ने पूर्व में कराए गए आईआईटी ड्रोन सर्वे और अन्य सर्वे रिपोर्टों को सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई। आंदोलनकारी गोपीनाथ रावत ने कहा कि यदि प्रशासन ग्रामीणों को धरने से उठाना चाहता है तो पहले विस्थापन और पुनर्वास का ठोस समाधान करना होगा।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक सुरक्षित, स्थायी और सम्मानजनक पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू नहीं होती, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

