पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे पर 50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत; तीन घायल

चंपावत। पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को बनलेख वन चौकी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 32 वर्षीय नरेंद्र राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार कार संख्या यूके 05 टीए 5045 में सवार लोग खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रहे थे। बनलेख वन चौकी से कुछ दूरी पहले अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर कोतवाली चंपावत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। तब तक बांस मेतोली निवासी नरेंद्र राम (32) पुत्र हेम राम की मौत हो चुकी थी।

हादसे में कार चालक रोहित कुमार (26) पुत्र जगदीश राम, जमन राम (63) पुत्र लक्ष्मण राम और हरी राम (60) पुत्र दानी राम घायल हुए। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल के पीएमएस हीरा सिंह ह्यांकी ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चालक रोहित कुमार और जमन राम को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हरी राम को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया।

सीओ चंपावत निहारिका सेमवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे पर 50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत; तीन घायल

Leave a Reply