अगस्त्यमुनि में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, जलभराव, भूस्खलन और सड़कें बंद
रुद्रप्रयाग: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन राहत एवं मार्ग बहाली के कार्य में जुटा हुआ है।
नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के बसंत विहार, एसबीआई कॉलोनी और खंड विकास कार्यालय के पीछे स्थित क्षेत्रों में जलभराव के कारण कई घरों और आंगनों में पानी घुस गया। कई संपर्क मार्ग भी पानी में डूब गए, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
बारिश के कारण सिल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और मार्ग को दोबारा सुचारु किया। वहीं अगस्त्यमुनि पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से गिरे एक बड़े बोल्डर की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था।
भारी जलभराव के चलते चिल्ड्रन एकेडमी इंटरमीडिएट कॉलेज जाने वाला मार्ग भी पानी में डूब गया। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय में अवकाश घोषित किया गया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।
लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है, हालांकि दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने लोगों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील की है।
जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, सात राज्य मार्ग सहित कुल 17 सड़कें प्रभावित हैं। वहीं पूरे उत्तराखंड में भूस्खलन और बारिश के कारण तीन राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्य मार्ग समेत कुल 111 सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखा गया है।
जिला प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित मार्गों को खोलने, जलभराव की समस्या दूर करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राहत एवं मरम्मत कार्य तेजी से जारी हैं।

