बैरागीवाला बवाल: 150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा, पथराव और आगजनी के आरोप

विकासनगर। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या के बाद भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि उग्र भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली तथा आरोपियों के घरों और वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की।

कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत के अनुसार, रविवार को मृतक के घर पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। पुलिस और प्रशासन लोगों को शांत रहने तथा कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए समझा रहे थे, लेकिन कुछ लोग उग्र हो गए। भीड़ ने आरोपियों के घरों का घेराव कर कई बार पथराव किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, उपद्रवियों ने अलग-अलग समूह बनाकर आरोपियों के मकानों में तोड़फोड़ की, घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाया और परिसर में खड़े ट्रैक्टर व मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। इस घटना से संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।

स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply