बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी कर्मचारी पर एफआईआर दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
चमोली। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की गणना के दौरान धनराशि की कथित चोरी के मामले में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीकेटीसी द्वारा पुलिस को सौंपी गई शिकायत में जांच समिति की प्राथमिक रिपोर्ट का हवाला दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि आरोपी कर्मचारी ने सुबह करीब नौ से साढ़े नौ बजे के बीच थाली भेंट गणना स्थल से अवैध रूप से धनराशि उठाई थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर समिति ने संबंधित कर्मचारी को पहले ही निलंबित कर दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, बीकेटीसी की जांच टीम ने लगातार दूसरे दिन भी सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच की। टीम ने करीब 40 दिन पुराने फुटेज का अवलोकन किया और गणना प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही गणना कक्ष का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और पूरी प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
इस बीच आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को बदरीनाथ से हटाकर ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। बताया गया है कि वह चार जुलाई से एक सप्ताह के आकस्मिक अवकाश पर है।
उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मंदिर के चढ़ावे की चोरी अत्यंत गंभीर और अक्षम्य अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार पुलिस अपनी जांच कर रही है और उच्चस्तरीय जांच समिति भी पूरे मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

