उत्तराखंड में एसआईआर का पहला चरण पूरा, विधानसभा चुनाव की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का पहला चरण मंगलवार को दोपहर 12 बजे पूरा हो गया। इस दौरान प्राप्त 99.9 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही चुनाव आयोग अब चुनावी तैयारियों के अगले चरण में प्रवेश करेगा।

एसआईआर अभियान की शुरुआत 8 जून से हुई थी। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए, भरे हुए प्रपत्र वापस लेकर उन्हें मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटाइज किया। पहले चरण के पूरा होने के बाद अब नए गणना प्रपत्र न तो स्वीकार किए जाएंगे और न ही उनका डिजिटाइजेशन किया जाएगा।

अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय प्रदेशभर में मतदान केंद्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया शुरू करेगा। आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार जिन मतदान केंद्रों पर 1,200 से अधिक मतदाता होंगे, वहां अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी मतदाता को अपने मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े।

वर्तमान में प्रदेश में 11,733 मतदान केंद्र हैं, जिनकी संख्या पुनर्निर्धारण के बाद लगभग एक से दो हजार तक बढ़ सकती है। इन नए मतदान केंद्रों का उपयोग आगामी विधानसभा चुनाव में किया जाएगा।

चुनाव आयोग 14 जुलाई को प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करेगा। इसी सूची के साथ नए और पुनर्निर्धारित मतदान केंद्रों की जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी, जिससे मतदाता अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

Leave a Reply