42 घंटे बाद जागेश्वर धाम और आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल
अल्मोड़ा के विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम और आसपास के क्षेत्रों में करीब 42 घंटे तक बाधित रहने के बाद शुक्रवार शाम बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग के एसडीओ अजय भारद्वाज के अनुसार, जंगल क्षेत्र में 33 केवी विद्युत लाइन का तार गिर जाने के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। दुर्गम क्षेत्र और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद विभागीय कर्मचारियों ने लगातार मरम्मत कार्य जारी रखा और शुक्रवार शाम लगभग छह बजे बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी।
बिजली कटौती के दौरान जागेश्वर धाम में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को मोबाइल टॉर्च की रोशनी का सहारा लेना पड़ा। वहीं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भी दैनिक कार्यों और कारोबार में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली बहाल होने के बाद पूरे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।

