शहरों में भवनों की भूकंप सुरक्षा का अध्ययन करेगा सीबीआरआई, इंजीनियरों को मिलेगा प्रशिक्षण

देहरादून। उत्तराखंड सरकार राज्य के शहरों में बने भवनों की भूकंप सुरक्षा का व्यापक अध्ययन कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई), रुड़की लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अन्य विभागों के इंजीनियरों को विशेष प्रशिक्षण देगा। प्रशिक्षण के बाद ये इंजीनियर छोटे शहरों में भवनों का सर्वे कर उनकी भूकंप के प्रति संवेदनशीलता का आकलन करेंगे।

हाल ही में आपदा प्रबंधन सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस योजना पर चर्चा की गई। इससे पहले सीबीआरआई ने नैनीताल, मसूरी और कर्णप्रयाग में भूकंप जोखिम का मूल्यांकन कर रिपोर्ट तैयार की थी, जिसमें तीनों शहर भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील पाए गए थे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के अन्य शहरों में भी इसी प्रकार का अध्ययन कराया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) से वित्तीय सहायता मिलने के बाद कार्य शुरू होगा।

सरकार का उद्देश्य केवल भवनों का आकलन करना ही नहीं, बल्कि लोगों को भूकंपरोधी भवन निर्माण के प्रति जागरूक करना भी है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि क्षमता विकास और प्रशिक्षण का कार्य आपदा प्रबंधन विभाग करेगा, जबकि अन्य संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply