मसूरी नगर पालिका कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन अलर्ट
मसूरी में नगर पालिका परिषद और प्रशासन को ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय, मुख्यमंत्री आवास, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा देहरादून और दिल्ली के कई सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
ई-मेल में दावा किया गया कि मसूरी नगर पालिका कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट किया जाएगा। इसके अलावा धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी हमले की धमकी दी गई है।
यह ई-मेल नगर पालिका परिषद और एसडीएम मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पते पर प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया तथा संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और शहर कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने धमकी भरा ई-मेल मिलने की पुष्टि की है।

