जर्जर भवन और शिक्षकों की कमी से परेशान गंगाड़ का राजकीय हाईस्कूल
उत्तरकाशी। जनपद के दूरस्थ क्षेत्र गंगाड़ गांव स्थित राजकीय हाईस्कूल वर्षों से बुनियादी सुविधाओं और शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। विद्यालय में छात्रों को जर्जर भवन में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में करीब 60 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन गणित, अंग्रेजी और संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक लंबे समय से नियुक्त नहीं किए गए हैं। इसका असर विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों पर भी पड़ रहा है।
विद्यालय भवन की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। कई खिड़कियां टूटी हुई हैं और टिनशेड कभी भी गिर सकता है। स्कूल का शौचालय भी जर्जर हालत में है, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान सैन सिंह ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को पत्र भेजे गए हैं। एक माह पहले आयोजित बहुद्देशीय शिविर में भी अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) शैलेंद्र अमोली ने बताया कि विद्यालय में पांच शिक्षकों के स्थान पर फिलहाल तीन शिक्षक तैनात हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य शिक्षकों की नियुक्ति के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे गए हैं।

