मसूरी सीट पर भाजपा की बढ़ी चुनौती, दिनेश अग्रवाल ने भी जताई चुनाव लड़ने की इच्छा

देहरादून: उत्तराखंड की मसूरी विधानसभा सीट पर भाजपा के लिए आगामी चुनाव में उम्मीदवार तय करना आसान नहीं दिख रहा है। वर्तमान में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी लगातार तीसरी बार इस सीट से विधायक हैं, लेकिन अब दावेदारों की संख्या बढ़ती जा रही है। पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल ने भी मसूरी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है।

दिनेश अग्रवाल, जो करीब 55 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे, ने कहा कि मसूरी विधानसभा उनके लिए नई नहीं है क्योंकि वहां उनका घर रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल मसूरी और धर्मपुर सीट पर “वैकेंसी” नहीं है, लेकिन यदि भाजपा नेतृत्व उन्हें मौका देता है तो वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

अग्रवाल ने कांग्रेस छोड़ने के पीछे परिवारवाद और सम्मान की कमी को प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि कांग्रेस में शीर्ष नेतृत्व से मिलने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था और कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती थी। वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा में उन्हें सम्मान मिला।

उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की कार्यक्षमता और सक्रियता की भी तारीफ की। अग्रवाल ने कहा कि भाजपा जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे निभाने के लिए तैयार हैं, चाहे वह पन्ना प्रमुख की भूमिका ही क्यों न हो। उनका मुख्य उद्देश्य 2027 में उत्तराखंड में भाजपा की फिर से प्रचंड जीत सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply