खामियां मिलने पर सल्ट के झिमार में अवैध हॉटमिक्स प्लांट सील
अल्मोड़ा। सल्ट क्षेत्र के झिमार में अवैध रूप से संचालित हो रहे हॉटमिक्स प्लांट को प्रशासन ने सील कर दिया है। संयुक्त निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि प्लांट के खिलाफ सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर उप जिलाधिकारी रिंकू बिष्ट की अध्यक्षता में खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की।
निरीक्षण में पाया गया कि प्लांट बिना आवश्यक अनुमति के पिछले दो महीनों से संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा चिमनी की ऊंचाई मानकों के अनुरूप नहीं थी और स्टेट हाईवे से निर्धारित 50 मीटर दूरी के नियम का भी उल्लंघन किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि प्लांट संरक्षित प्रजातियों जैसे बांज और बुरांश के घने जंगलों के बीच चलाया जा रहा था। सुरक्षा के लिए लगाए गए क्रैश बैरियर हटाए गए थे और स्टेट हाईवे पर धर्मकांटा भी स्थापित कर दिया गया था।
इन सभी खामियों को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने प्लांट को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान खनन विभाग के राहुल नेगी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के शुभम गुसाईं, राजस्व विभाग के कानूनगो शंकर गिरी और लोक निर्माण विभाग के जेई चेतन रावल मौजूद रहे।
खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्लांट संचालक ने सीटीओ और सीसीए जैसी जरूरी अनुमतियां नहीं ली थीं। जांच रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजी जाएगी।
