26 अप्रैल से जौलीग्रांट से बदरीनाथ-केदारनाथ के लिए हेली सेवा संभव, किराया ₹1.35 लाख

देहरादून: चारधाम यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जौलीग्रांट हेलीपैड से बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम के लिए 26 अप्रैल से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने की संभावना है।

यह सेवा रुद्राक्ष एविएशन द्वारा संचालित की जाएगी, जो पिछले तीन वर्षों से एमआई-17 डबल इंजन हेलीकॉप्टर के जरिए उड़ानें संचालित कर रही है। कंपनी 15 जून तक, यानी बरसात शुरू होने से पहले, यह सेवा जारी रखने की तैयारी में है। इसके बाद सितंबर में दोबारा सेवा शुरू की जाएगी।

हेलीकॉप्टर सुबह करीब 6:30 बजे जौलीग्रांट से उड़ान भरेगा और मौसम अनुकूल होने पर एक दिन में दो बार उड़ान संभव होगी। खास बात यह है कि श्रद्धालु एक ही दिन में दोनों धामों के दर्शन कर सकेंगे। रात्रि विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

किराया कितना होगा?
इस बार प्रति व्यक्ति यात्रा का किराया लगभग 1.35 लाख रुपये रखा गया है। वहीं, रात्रि विश्राम के साथ यह खर्च करीब 1.5 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। पिछले साल यह किराया क्रमशः करीब 1.21 लाख और 1.41 लाख रुपये था।

गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलने जा रहे हैं, जिसके बाद यात्रा का शुभारंभ होगा।

Leave a Reply