अल्मोड़ा के भुजान क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान का ग्रामीणों ने किया विरोध तेज
रानीखेत (अल्मोड़ा): अल्मोड़ा के भुजान क्षेत्र में प्रस्तावित देशी शराब की दुकान को लेकर विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले महिलाओं ने इसका विरोध किया था, अब विभिन्न गांवों के पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण भी खुलकर इसके खिलाफ सामने आ गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शराब की दुकान खोली गई तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। इस संबंध में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा और रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेजकर अपना विरोध दर्ज कराया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण बिगड़ेगा और खासकर बच्चों व युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पहले पातली क्षेत्र में भी जनविरोध के चलते शराब की दुकान का प्रस्ताव रद्द किया गया था, इसलिए भुजान में इसे खोलना उचित नहीं है।
ज्ञापन में कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के हस्ताक्षर शामिल हैं, जिन्होंने एकजुट होकर इस निर्णय का विरोध किया है।
वहीं दूसरी ओर, दुकान संचालक कुबेर सिंह ने इस विरोध को गलत बताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले से अंग्रेजी शराब की दुकान संचालित है, जिसका कभी विरोध नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग साजिश के तहत विरोध करवा रहे हैं, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है।

