गोरखपुर में हैवानियत: छेड़खानी नहीं, बालिका से तांत्रिक ने किया था दुष्कर्म

गोरखपुर। गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बड़हलगंज इलाके में तांत्रिक ने झाड़-फूंक के आड़ में 12 वर्षीय बालिका से छेड़खानी नहीं, बल्कि दुष्कर्म किया था। पुलिस ने बालिका के बयान के आधार पर आरोपी पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।

आरोपी की पहचान बड़हलगंज के मरचीपार खुर्द निवासी सीताराम पासवान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बड़हलगंज इलाके में रहने वाली 12 साल की बच्ची अक्सर बीमार रहती थी। मां-बाप उसका उपचार करवा रहे हैं, लेकिन इसी बीच किसी ने झाड़-फूंक की सलाह दे दी।

गांव की एक महिला के बताने पर परिजनों ने तांत्रिक से संपर्क किया। उसने घर में ही आकर पूजा पाठ करने को कहा। इसके बाद तांत्रिक झाड़-फूंक करने के लिए घर पहुंच गया। इस दौरान उसने कहा कि सब लोग घर से बाहर चले जाए। बच्ची पर कोई साया है। उसे अकेले में ही पूजा करना होगा। उसकी बातों को मानकर घरवाले कमरे से बाहर चले गए। कुछ देर बाद बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

पहले तो लोगों को लगा कि उसके शरीर के भूत की आवाज उसकी जुबां से आ रही है, लेकिन जब बच्ची ज्यादा शोर मचाने लगी तो परिजनों को संदेह हो गया। परिजन अंदर गए तो बच्ची ने रोते हुए आपबीती बताई। अब पुलिस की जांच व पीड़िता के बयान में सामने आया है कि उसने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर जेल भिजवा दिया।

एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पीड़िता के बयान और जांच के आधार पर आरोपी तांत्रिक पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज कर लिया गया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply