उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय को मिली मंजूरी, निर्माण कार्य को मिलेगी रफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। केंद्र सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने परियोजना के लिए 12.317 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तांतरण को अंतिम मंजूरी दे दी है। यह विश्वविद्यालय नैनीताल जिले के हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत गोलापार क्षेत्र में बनाया जाएगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने इसे राज्य के खेल भविष्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार यह विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होगा, बल्कि खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, अनुसंधान और उच्च स्तरीय कोचिंग की सुविधा भी प्रदान करेगा।

सरकार का मानना है कि इस विश्वविद्यालय से प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने कुछ शर्तों के साथ भूमि हस्तांतरण की अनुमति दी है। इसके तहत वन विभाग को खेरनी बेतालघाट गांव में 24.364 हेक्टेयर सिविल सोयम भूमि और दक्षिण जसपुर क्षेत्र में 49.268 हेक्टेयर भूमि पर प्रतिपूरक वनीकरण करना होगा।

मंजूरी मिलने के बाद अब खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply