दस साल में सबसे ठंडा रहा मार्च का चौथा सप्ताह, पहाड़ों में बढ़ी ठंड
देहरादून: उत्तराखंड में इस बार मौसम ने अनोखा रुख दिखाया। मार्च के शुरुआती दो हफ्तों में जहां गर्मी ने तेज असर दिखाया, वहीं महीने के आखिरी दिनों में ठंड ने वापसी कर ली। आंकड़ों के अनुसार, मार्च का चौथा सप्ताह पिछले दस वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में मैदानी इलाकों का तापमान सामान्य के आसपास बना रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में पारा सामान्य से नीचे चला गया। इसी वजह से पहाड़ों में ठंड का अहसास बढ़ गया।
दरअसल, मार्च के तीसरे सप्ताह में हुई बेमौसम बारिश और बर्फबारी का असर लंबे समय तक बना रहा, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली। इससे पहले महीने की शुरुआत में मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
5 मार्च को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक होकर 30.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा 14.6 डिग्री रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी देखी गई।
मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री ज्यादा 25.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, बाद में मौसम में बदलाव आया और ठंड बढ़ गई।
गुरुवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिनभर हवाएं चलने और बादल छाए रहने से मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और शुष्क बना रहा।

