हाईटेक सिम बॉक्स से चल रहा संदिग्ध कॉल सेंटर पकड़ा, दो गिरफ्तार

देहरादून। एसटीएफ और दून पुलिस ने जीएमएस रोड स्थित एक कार्यालय में चल रहे संदिग्ध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कॉल सेंटर में अवैध रूप से सिम बॉक्स का इस्तेमाल कर ग्राहकों को फोन किए जा रहे थे।

पुलिस ने मौके से 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स, 45 सिम कार्ड, लैपटॉप, दो राउटर और दो एटीएम कार्ड समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंपनी मैनेजर लक्ष्मण प्रसाद और रीजनल मैनेजर जगमोहन सिंह रावत के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार, दूरसंचार विभाग से मिले इनपुट के बाद संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच शुरू की गई थी। इन नंबरों के खिलाफ चक्षु पोर्टल और अन्य प्लेटफॉर्म पर शिकायतें भी मिली थीं। तकनीकी जांच के बाद दूरसंचार विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यालय पर छापा मारा गया।

जांच में सामने आया कि कॉल सेंटर से ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड और उससे जुड़े लाभ दिलाने के नाम पर फोन किए जाते थे। पुलिस का आरोप है कि कुछ मामलों में ग्राहकों पर जल्द रकम जमा करने के लिए धमकी और दबाव भी बनाया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, कॉलिंग के लिए निर्धारित 1600 नंबर सीरीज के बजाय व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। दूरसंचार विभाग के अधिकारी ने बरामद सिम बॉक्स को निर्धारित दूरसंचार मानकों के विपरीत बताया। पुलिस का कहना है कि ऐसे उपकरणों के जरिए कॉल की वास्तविक पहचान छिपाई जा सकती है।

मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून में भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में कॉल सेंटर के संचालन, कथित ठगी और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply