उत्तराखंड में ‘हनुमान अंश’ फिल्म को सरकार की राहत, टिकटों पर एसजीएसटी की होगी प्रतिपूर्ति

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में फिल्म के टिकटों पर वसूले जाने वाले राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) की प्रतिपूर्ति सरकार करेगी। इस संबंध में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने राज्य कर विभाग को आदेश जारी कर दिए हैं।

सरकार का उद्देश्य फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाना और प्रदेश के सिनेमाघरों में इसके प्रदर्शन को बढ़ावा देना है। आदेश के अनुसार, फिल्म के टिकटों पर सीजीएसटी और एसजीएसटी लिया जाता है, जिसमें राज्य सरकार अपने हिस्से के एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति करेगी।

सीएम धामी ने परिवार और मंत्रियों के साथ देखी थी फिल्म

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में परिवार और मंत्रियों के साथ ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी थी। इस दौरान उनकी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा भी मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की थी। अब सरकार की ओर से एसजीएसटी प्रतिपूर्ति को लेकर औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

नीब करौरी बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म

‘हनुमान अंश’ प्रसिद्ध संत नीब करौरी बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है। फिल्म में संत परंपरा, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोक कल्याण जैसे मूल्यों को प्रमुखता दी गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म देखने के दौरान कहा था कि भारत की संत परंपरा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। उन्होंने नीब करौरी बाबा के जीवन और उनके मानव सेवा के संदेश को प्रेरणादायी बताया।

उत्तराखंड में स्थित कैंची धाम नीब करौरी बाबा से जुड़ा प्रमुख आध्यात्मिक स्थल है और देश-विदेश से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। सरकार का मानना है कि फिल्म के माध्यम से बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाया जा सकेगा।

 

Leave a Reply