देहरादून में पुलिसकर्मी पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, कार्रवाई की मांग पर बजरंग दल का प्रदर्शन
देहरादून। शहर कोतवाली के एक पुलिसकर्मी पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को लक्कीबाग चौकी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवती की शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लक्कीबाग चौकी के बाहर एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए।
सहारनपुर रोड पर लगाया जाम
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सहारनपुर रोड पर यातायात रोक दिया। इसके चलते रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हुआ। लक्कीबाग चौकी से प्रिंस चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शन के कारण इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

