राहुल गांधी के बयानों के विरोध में भाजपा का धरना, जातिवाद फैलाने का लगाया आरोप

देहरादून में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों के विरोध में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में धरना दिया। भाजपा ने इसे ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ नाम दिया। धरने में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से की जा रही बयानबाजी के जरिए उत्तराखंड की शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण सामाजिक व्यवस्था में जातिवादी मानसिकता का जहर घोलने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने इसे प्रदेश की सामाजिक एकता और प्रतिष्ठा के खिलाफ बताया।

धरने में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के विरोध में नारेबाजी की और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड वीर शहीदों की भूमि और देवभूमि के रूप में देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। प्रदेश के सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को प्रभावित करने वाली किसी भी राजनीतिक बयानबाजी का पार्टी विरोध करेगी।

भाजपा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता जाति और वर्ग के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी नेताओं ने कांग्रेस से राजनीतिक बयानबाजी में संयम बरतने और प्रदेश की सामाजिक एकता एवं भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।

भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सामाजिक एकता, भाईचारे और सम्मान की रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply