यमुनोत्री धाम में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का इंतजार खत्म, पहुंचाई जा रहीं मशीनें
उत्तरकाशी। लंबे समय से यमुनोत्री धाम में बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू होने का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। धाम को बाढ़ के खतरे से बचाने के लिए प्रस्तावित आरसीसी प्रोटेक्शन वॉल समेत अन्य सुरक्षात्मक कार्यों के लिए मशीनें पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है। मशीनों के पहुंचते ही निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
यमुनोत्री धाम तक निर्माण सामग्री और भारी मशीनें पहुंचाना आसान नहीं है। जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम तक करीब छह किलोमीटर की दुर्गम पैदल दूरी है। ऐसे में हुंडई आर-85 पोकलेन मशीन को एक साथ ले जाने के बजाय अलग-अलग हिस्सों में खोला जा रहा है।
इसके बाद विशेषज्ञ मजदूर मशीन के पुर्जों को मैनुअली उठाकर दुर्गम पैदल मार्ग से यमुनोत्री धाम तक पहुंचा रहे हैं। वहां पहुंचने के बाद मशीन को दोबारा असेंबल कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा।
बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे होने से यमुनोत्री धाम और आसपास के क्षेत्र को बरसात के दौरान संभावित बाढ़ एवं नदी के कटाव से सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। मशीनों की पहुंच शुरू होने के बाद अब स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों को निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

