अल्मोड़ा में गैस संकट: खाली सिलिंडरों के साथ ग्रामीणों का सड़क पर प्रदर्शन
अल्मोड़ा: जिले के दन्या क्षेत्र में लंबे समय से घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्राम पंचायत बसौली के तोक ढूंना के लोगों ने खाली सिलिंडरों के साथ सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सिमलखेत-लोहाघाट मोटर मार्ग पर एकत्र होकर प्रशासन और गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई हफ्तों से उनके क्षेत्र में गैस रिफिलिंग वाहन नहीं पहुंचा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।
ग्रामीणों ने बताया कि धौलादेवी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में गैस की आपूर्ति बेहद अनियमित है। कभी-कभी महीने में एक बार गैस आती है, लेकिन तब भी सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पाता।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी समस्या को गंभीर बताया। ग्राम प्रधानों का कहना है कि कुछ उपभोक्ताओं के कनेक्शन बिना जानकारी के दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर कर दिए गए, जिससे सिलिंडर भरवाने में और दिक्कतें बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

