देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
मसूरी। देहरादून-मसूरी मार्ग के पानीवाला बैंड क्षेत्र में सड़क की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला उप जिला मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है।
अत्यधिक बारिश के कारण पानीवाला बैंड पर पहले से बनी सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सड़क की मौजूदा स्थिति भारी वाहनों के आवागमन के लिए असुरक्षित है और समय रहते सुधार नहीं होने पर अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़क और सुरक्षा दीवार की तत्काल मरम्मत कर मार्ग को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आदेश का कड़ाई से पालन कराने के लिए कोतवाली मसूरी और राजपुर थाना पुलिस को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। पानीवाला बैंड क्षेत्र में पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। मार्ग की मरम्मत पूरी होने और इसे सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही भारी वाहनों पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने पर निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल भारी बारिश के बीच देहरादून-मसूरी मार्ग के इस हिस्से पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।

