देहरादून में फिर गूंजी गोलियां: कार का शीशा डंडे से तोड़ा, पीछा करने पर दो बार फायरिंग

देहरादून। शांत माने जाने वाले दून में सड़क पर आपसी विवाद के बाद फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले कुछ महीनों में रोड रेज और युवकों के आपसी विवाद में गोली चलने की कई घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। हालिया पटेलनगर और शिमला बाईपास चौक की घटना ने एक बार फिर दून में बढ़ते हथियारों के इस्तेमाल को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

इससे पहले 30 मार्च को राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में मसूरी रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की भटकती गोली लगने से मौत हो गई थी। फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो सवार युवकों के बीच विवाद के बाद एक पक्ष ने दूसरी गाड़ी का पीछा करते हुए फायरिंग की थी। इसी दौरान गोली सड़क से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर के सीने में जा लगी थी।

इसके बाद तीन जुलाई की रात रायपुर क्षेत्र में छह नंबर पुलिया के पास रिंग रोड पर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी। शराब के ठेके के बाहर हुए इस विवाद में गोली लगने से दो युवक घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में अरुण कुमार, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार किया था। जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद सामने आया था।

अब पटेलनगर क्षेत्र में दो गुटों के विवाद के बाद फायरिंग और फिर शिमला बाईपास चौक पर दोबारा गोली चलने की घटना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। बताया गया कि पटेलनगर में कार सवार गुरमीत, अमन और रोहित का कुछ युवकों से विवाद हुआ। कार सवार जब वहां से जाने लगे तो पीछे से डंडे लेकर आए युवकों में से एक ने कार के पिछले शीशे पर डंडा मारकर उसे तोड़ दिया।

इसके बाद कार सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फायरिंग के बाद कार सवार मौके से भाग निकले, लेकिन सफेद रंग की बाइक समेत दो दोपहिया वाहनों पर सवार युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए मामला शिमला बाईपास रोड तक पहुंचा, जहां कार सवारों ने दोबारा फायरिंग की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट कर दिया और शहर की सीमाओं पर सघन जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई में कुछ ही घंटों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में इस्तेमाल कार को सीज कर दिया गया।

लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं से यह सवाल भी उठ रहा है कि युवाओं के आपसी विवाद अब किस तेजी से हिंसक रूप ले रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के इस्तेमाल की बढ़ती घटनाएं पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। पुलिस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और शहर में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा किया है।

 

Leave a Reply