प्रधानमंत्री मोदी ने हर्रावाला रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा मौजूद रहे।

हर्रावाला रेलवे स्टेशन का लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन पर अब यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें वेटिंग रूम, आरक्षण काउंटर, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष काउंटर, जलपान गृह, पूछताछ केंद्र, पार्किंग और लगभग 15 कमरे शामिल हैं।

हर्रावाला स्टेशन देहरादून से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है। फिलहाल देहरादून से चलने वाली 16 ट्रेनों में से केवल तीन ट्रेनों का ही यहां दो मिनट के लिए ठहराव होता है। स्टेशन अधीक्षक गोपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी को देखते हुए भविष्य में यहां अधिक ट्रेनों के ठहराव की संभावना है।

वर्तमान में आसपास के अधिकांश यात्रियों को ट्रेन पकड़ने या उतरने के लिए देहरादून रेलवे स्टेशन जाना पड़ता है, जिससे शहर में यातायात का दबाव बढ़ता है। यदि हर्रावाला स्टेशन पर अधिक ट्रेनों का ठहराव शुरू होता है, तो आसपास के लगभग एक लाख लोगों को समय, धन और ईंधन की बचत के साथ बेहतर यात्रा सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Reply