बुधवार सुबह तक बंद रहेगा पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग, बड़े बोल्डर हटाने के लिए कंट्रोल्ड ब्लास्टिंग
पौड़ी/सतपुली: पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-534) पर गुमखाल से सतपुली के बीच चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक यातायात पूरी तरह बंद रखा गया। सड़क के ऊपर असुरक्षित स्थिति में लटके बड़े बोल्डरों को हटाने के लिए कंट्रोल्ड ब्लास्टिंग का कार्य शुरू किया गया।
प्रशासन के अनुसार, सतपुली मल्ली क्षेत्र में चौड़ीकरण कार्य के बाद लगातार भू-धंसाव हो रहा है, जिससे सड़क के ऊपर बड़े-बड़े बोल्डर लटक गए हैं। ये बोल्डर कभी भी गिरकर गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियंत्रित विस्फोट (कंट्रोल्ड ब्लास्टिंग) के माध्यम से इन्हें हटाने का निर्णय लिया गया है।
यह कार्य 30 जून शाम 5:00 बजे से 1 जुलाई सुबह 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया, जिसके दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रही।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। सतपुली की ओर जाने वाले वाहन सतपुली–कांडाखाल–सिसल्डी–डेरियाखाल मोटर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, कोटद्वार से आने वाले वाहनों को दुगड्डा–फतेहपुर–डेरियाखाल–चुंडई–कांडाखाल–सतपुली मार्ग से यात्रा करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यात्रा से पहले यातायात संबंधी जानकारी प्राप्त करें, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा ब्लास्टिंग कार्य के दौरान प्रशासन और कार्यदायी संस्था का सहयोग करें।

