ऋषिकेश में चारधाम पंजीकरण काउंटरों पर भारी भीड़, यात्री ने तोड़ा टिकट काउंटर का शीशा

चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश में ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। लगातार बढ़ते दबाव के कारण ट्रांजिट कैंप में अव्यवस्था की स्थिति बन गई है। रविवार को पंजीकरण के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े रहे। भीड़ बढ़ने से काउंटरों पर धक्का-मुक्की भी हुई।

इस दौरान रोडवेज टिकट काउंटर का शीशा टूट गया। बताया गया कि महाराष्ट्र से आए एक यात्री ने जल्द पंजीकरण कराने के प्रयास में काउंटर पर जोर से धक्का मार दिया, जिससे शीशा टूट गया। रोडवेज कर्मचारियों ने यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में समझौते के तहत यात्री ने रोडवेज संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के एवज में 1000 रुपये का जुर्माना जमा किया, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने स्लॉट व्यवस्था लागू कर दी है। शनिवार को चारधाम यात्रा के स्लॉट केवल कुछ घंटों में ही भर गए थे। इसके बाद प्रशासन ने यात्रियों से काउंटर खाली करने की अपील की। हालांकि कई श्रद्धालु देर शाम तक पंजीकरण की उम्मीद में काउंटरों के बाहर बैठे रहे।

यात्रा प्रशासन ने अगले दिन सुबह छह बजे से दोबारा पंजीकरण शुरू करने की घोषणा की, जिसके बाद यात्री धर्मशालाओं और होटलों की ओर लौटे।

लगातार बढ़ती भीड़ के कारण पंजीकरण प्रक्रिया धीमी पड़ गई है। कई श्रद्धालु सुबह से लाइन में लगने के बावजूद पंजीकरण नहीं करा सके। कुछ काउंटर बंद होने के कारण यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली। प्रशासन फिलहाल अतिरिक्त व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के प्रयासों में जुटा हुआ है।

Leave a Reply