देवप्रयाग और कीर्तिनगर के जंगलों में भड़की भीषण आग, कई गांव प्रभावित
पौड़ी। देवप्रयाग और कीर्तिनगर ब्लॉक के जंगलों में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। तेज हवाओं के कारण आग लगातार फैल रही है, जिससे चीड़ के विशाल जंगल धू-धू कर जल रहे हैं। आग की चपेट में आने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है और वन्यजीवों पर भी संकट गहरा गया है।
पिछले दो दिनों से त्यालनी से बागवान तक का क्षेत्र आग की चपेट में है। पर्यावरण मित्र Bileshwar Jhaldiyal के अनुसार टिहरी और कीर्तिनगर रेंज में लगी आग तेज हवाओं के चलते देवप्रयाग ब्लॉक के कई गांवों तक पहुंच गई।
आग से त्यालनी, च्यालनी, टुंगटा, उमरी, जाबर, जखेड़, ललथपाठों, फरसोली और डोब समेत कई गांव प्रभावित हुए हैं। चारों ओर फैले धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। वहीं ललटेना झाड़ियों के जलने से उठ रहा विषैला धुआं लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। तेज हवाओं के साथ उड़ रही राख घरों और आंगनों तक पहुंच रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
वन विभाग की टीमें और ग्रामीण लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। चंद्रवदनी मंदिर के नीचे स्थित देवदार और बांज की बहुमूल्य पौधशाला को बचाने के लिए वन कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं। वहीं डोब गांव स्थित जय शिवशंकर नर्सरी के नीचे सड़क तक पहुंची आग को रोकने के प्रयास जारी हैं।
सिवालीधार, लक्ष्मोली, हिसरियाखाल और बागवान-जामनीखाल मार्ग के दोनों ओर आग फैलने से इन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही भी जोखिमभरी बनी हुई है। पाटाखाल क्षेत्र में भी जंगलों में भीषण आग लगी रही। यहां ग्रामीणों ने किसी तरह सौर ऊर्जा प्लांट को आग की चपेट में आने से बचाया।
वन क्षेत्राधिकारी Madan Singh Rawat ने बताया कि आग पर नियंत्रण के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और लगातार राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

