सीएम धामी ने नवनियुक्त कार्मिकों को दी शुभकामनाएं, जनसेवा के लिए किया प्रेरित
पुष्कर सिंह धामी ने पिछले चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जनता ने उन्हें दूसरी बार राज्य की सेवा का अवसर दिया, जिसके बाद सरकार ने बेरोजगारी कम करने और रिक्त पदों पर भर्ती के लिए व्यापक अभियान चलाया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते चार वर्षों में लगभग 30 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अब युवाओं का चयन उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर हो रहा है। राज्य सरकार के सख्त नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने योग्य युवाओं को उचित अवसर दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने चयनित कार्मिकों से ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजकीय सेवकों को मानवीय मूल्यों के साथ आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से फोन पर बातचीत कर उन्हें उत्साहपूर्वक जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित भी किया।

