प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप बने पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के नए कुलपति

उत्तराखंड  । उत्तराखंड   में स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है।

यह नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूरी होने (जो भी पहले हो) तक के लिए की गई है। वर्तमान में प्रो. कश्यप विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में कार्यरत हैं।

प्रो. शिवेन्द्र कश्यप एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद हैं, जिन्हें कृषि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं, जिनमें आईसीएआर का सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार भी शामिल है। उन्होंने विश्वविद्यालय में प्रोफेसर, कृषि संचार विभागाध्यक्ष, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता और विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं में प्रमुख जिम्मेदारियां निभाई हैं।

उन्हें भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के “लीडरशिप इन एजुकेशन” (LEAP) कार्यक्रम के लिए भी चुना गया था, जिसके तहत उन्होंने हैदराबाद विश्वविद्यालय और मोनाश विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

साल 2019 से वे विश्वविद्यालय की रैंकिंग टीम के अध्यक्ष भी रहे हैं। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की रैंकिंग में राज्य कृषि विश्वविद्यालयों के बीच पहला स्थान हासिल किया और संस्थान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत की।

Leave a Reply