चंडी देवी मंदिर परिसर की कैंटीनों पर छापा, संचालकों को जारी हुए नोटिस

हरिद्वार। मां चंडी देवी मंदिर परिसर में संचालित कैंटीनों और भोजनालयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर कार्रवाई की। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर कई कैंटीन संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में संचालित विभिन्न कैंटीनों, जैसे मां चंडी देवी कैंटीन, शक्तिपीठ कैंटीन और चंडी देवी जूस एवं चाट भंडार की जांच की गई, जबकि अंजनी मंदिर के पास स्थित एक कैंटीन बंद पाई गई।

निरीक्षण के दौरान स्टोरेज, खाद्य सामग्री तैयार करने के स्थान और बिक्री क्षेत्र की गहन जांच की गई। एक कैंटीन में साफ-सफाई मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उसे विशेष रूप से नोटिस जारी किया गया।

सभी संचालकों को वन विभाग और मंदिर प्रशासन से प्राप्त अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन न करने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एम.एन. जोशी ने दुकानदारों के साथ बैठक कर विशेष रूप से कुट्टू के आटे की बिक्री को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र के मद्देनजर मानकों के अनुसार ही खाद्य सामग्री बेची जाए, ताकि व्रत रखने वाले लोगों की सेहत पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Leave a Reply