देहरादून में फिर गोलियों की गूंज: जिम से बाहर निकलते वक्त युवक की हत्या

देहरादून, 13 फरवरी 2026। राजधानी देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के पास जिम से बाहर निकलते समय एक युवक को सिर में गोली मार दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन के व्यवसाय से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

गौरतलब है कि 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे।

इसके अलावा 2 फरवरी को दूल्हा बाजार क्षेत्र में गुंजन हत्याकांड ने शहर को झकझोर दिया था, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी थी। वहीं 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर का शव ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के पास मिला था, जिसकी धारदार हथियार से हत्या की गई थी।

लगातार हो रही हत्याओं से राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply