भूमि प्रकरण को लेकर ऋषिकेश में विरोध प्रदर्शन, राहुल गांधी को लिखा पत्र—“बचाइए बापूग्राम”

ऋषिकेश। ऋषिकेश  के आईडीपीएल हॉकी मैदान में बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भूमि प्रकरण के विरोध में एकजुट हुए। बापू ग्राम, गीता नगर, मीरा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों की जमीन को लेकर चल रहे विवाद के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर कांग्रेस सांसद व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पत्र भेजा।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वन विभाग और प्रशासन जिस भूमि को अतिक्रमण बताकर खाली कराने की कोशिश कर रहे हैं, वह कोई अवैध कब्जा नहीं है, बल्कि ऐतिहासिक पुनर्वास का हिस्सा है। उनका दावा है कि इस भूमि का संबंध भारत की आज़ादी के दौर से है और इसकी नींव महात्मा गांधी की प्रेरणा से रखी गई थी।

नगर निगम ऋषिकेश के पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा कि वह भारी मन और गहरी पीड़ा के साथ यह पत्र लिख रहे हैं। यह केवल उनकी नहीं, बल्कि बापूग्राम, पशुलोक, शिवाजी नगर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लगभग एक लाख भयभीत नागरिकों की सामूहिक पुकार है। उन्होंने पत्र में लिखा कि “हमारे डूबते हुए आशियानों को आप ही बचा सकते हैं।”

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रशासन इस भूमि प्रकरण पर मानवीय और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से विचार करे तथा स्थानीय निवासियों को बेदखल न किया जाए।

Leave a Reply