दूसरी महिला के साथ रहने लगा पति, पत्नी ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक विवाहिता ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ रहने, मारपीट करने और तलाक के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रीत विहार वार्ड नंबर-25 निवासी कमलेश ने बताया कि उसका पति विष्णु चार फरवरी से उसे और उसकी तीन बेटियों को छोड़कर दूसरी महिला के साथ रह रहा है। महिला का आरोप है कि पति लगातार उस पर तलाक देने का दबाव बना रहा है।
कमलेश ने बताया कि उसका पति पहले भी दूसरी महिला के साथ पकड़ा गया था। उस समय परिवार के लोगों ने स्टांप पेपर पर लिखित समझौता कराया था कि भविष्य में वह ऐसे संबंध नहीं रखेगा। आरोप है कि इसके बावजूद पति ने दूसरी महिला के लिए किराये का कमरा लेकर उसके साथ रहना शुरू कर दिया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति न तो उसके इलाज और दवाइयों का खर्च उठा रहा है और न ही बेटियों की जिम्मेदारी निभा रहा है। उसने कहा कि वह मजदूरी करके किसी तरह अपनी बेटियों का पालन-पोषण कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, जब वह पति से परिवार की जिम्मेदारी निभाने की बात करती है तो वह उसके साथ मारपीट करता है। साथ ही छोटे हाथी वाहन से होने वाली कमाई दूसरी महिला और अपनी बहन पर खर्च करता है।
सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई जा रही है।

