केदारनाथ धाम के कपाट खुले, यात्रा का शुभारंभ

केदारनाथ धाम।  केदारनाथ धाम   के कपाट आज सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे और उन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर दर्शन किए।

राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की।

मंदिर को लगभग 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश-विदेश से आए भक्त पहले से ही यहां पहुंचे हुए थे और कपाट खुलने के इस दिव्य क्षण का इंतजार कर रहे थे।

इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर लगभग 17 किलोमीटर की कठिन यात्रा तय करते हुए केदारनाथ धाम पहुंची। रास्ते में जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप जैसे पड़ाव शामिल रहे।

धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान सैन्य बैंड और डमरू की धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जहां पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात रहे। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो गया और देशभर से आए श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए।

Leave a Reply