उत्तराखंड में बारिश का कहर, देहरादून में सिलसिला जारी; हरिद्वार में जलभराव, हेमकुंड मार्ग क्षतिग्रस्त
लगातार हो रही बारिश ने उत्तराखंड में जनजीवन और आवाजाही को प्रभावित कर दिया है। राजधानी देहरादून में बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि हरिद्वार के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जाने वाला पैदल मार्ग पुलना गांव के पास कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग पर मलबा आने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग पर जगह-जगह मलबा जमा होने के साथ ही रास्ते के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके बावजूद श्रद्धालु जोखिम उठाकर मार्ग से आवाजाही कर रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है।
मार्ग की स्थिति खराब होने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को इसे जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। ज्योतिर्मठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि पुलना गांव के पास हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। लोनिवि को मार्ग की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही इसे ठीक कर दिया जाएगा।
उधर, देहरादून शहर के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, हरिद्वार में बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आई। भगत सिंह चौक और रेलवे अंडरपास में पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई और आवाजाही भी प्रभावित रही। लगातार बारिश के चलते प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने मार्गों को सुचारु रखने की चुनौती बनी हुई है।

