राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी का रास्ता साफ, कार्मिक विभाग से मंजूरी

देहरादून: उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 243 पदक विजेता खिलाड़ियों को अब जल्द सरकारी नौकरी मिल सकेगी। इसके लिए कार्मिक विभाग ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

पिछले साल आयोजित राष्ट्रीय खेल 2025 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचा था। अब इस उपलब्धि के आधार पर खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा और राज्य की खेल नीति के तहत पदक विजेताओं को सीधे नौकरी देने का प्रावधान है। हालांकि अब तक यह प्रक्रिया लंबित थी, लेकिन अब कार्मिक विभाग की मंजूरी मिलने के बाद मामला आगे बढ़ गया है।

विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा के अनुसार, प्रस्ताव अब वित्त विभाग को भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलते ही खिलाड़ियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इन खेलों में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंकिता ध्यानी ने एथलेटिक्स में दो स्वर्ण पदक जीते, जबकि निवेदिता कार्की, कपिल पोखरिया और नरेंद्र ने मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक हासिल किए। पूजा ने ताइक्वांडो में भी स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने भी इस मुद्दे पर सक्रियता दिखाई थी और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर खिलाड़ियों को जल्द नौकरी देने की मांग की थी।

खेल विभाग ने प्रस्ताव में सुझाव दिया है कि खिलाड़ियों के लिए कुल 243 पद सृजित किए जाएं। ये पद खेल विभाग के अलावा पुलिस, वन समेत अन्य विभागों में भी बनाए जा सकते हैं।

अब वित्त विभाग की अंतिम मंजूरी के बाद खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।

Leave a Reply